मुंबई। कई सालों से देश के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी से यह ताज छिन गया है। फार्मा क्षेत्र के दिग्गज दिलीप संघवी ने रिलांयस समूह के मालिक मुकेश अंबानी को पछाड़ते हुए देश के सबसे अमीर उद्योगपति बन गए हैं। उनकी कुल संपत्ति 21.5 अरब डॉलर (करीब 1.34 लाख करोड़ रु.) बताई गई है, जबकि मुकेश अंबानी के पास 21 अरब डॉलर (लगभग 1.30 लाख करोड़ रु.) की संपत्ति है। बिजनेस मैगजीन फोर्ब्स ने दो दिन पहले ही देश के अमीरों की सालाना लिस्ट जारी की है। बता दें कि मुकेश अंबानी फोर्ब्स की सूची में इससे पहले लगातार आठ साल तक नंबर एक पर रह चुके हैं।
भारत में अमीरों को लेकर जारी ‘रियल टाइम’ अपडेट के मुताबिक, विप्रो के अजीम प्रेमजी तीसरे स्थान पर हैं। दुनिया के अमीरों की सूची में संघवी 37वीं पायदान पर पहुंच गए हैं। वहीं मुकेश अंबानी फिसल कर 43वें स्थान पर आ गए हैं।
ये हैं भारत के दस अमीर और उनका कारोबार
1. दिलीप संघवीः सन ग्रुप की तीन कंपनियों में है 63 प्रतिशत की हिस्सेदारी
फार्मा क्षेत्र के दिग्गज दिलीप संघवी देश के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। उनके पास कुल संपत्ति 21.5 अरब डॉलर (करीब 1.34 लाख करोड़ रु.) है। उन्होंने सूची में पहला स्थान मुकेश अंबानी को पछाड़ते हुए हासिल किया है। संघवी गुजरात में 1955 में जन्मे और कोलकोता में पढ़ाई पूरी करने वाले संघवी के पास सन ग्रुप की तीन कंपनियों में 63 प्रतिशत शेयर की हिस्सेदारी है।
2. मुकेश अंबानीः आठ साल में पहली छिना पहले नंबर का ताज
अब तक देश के सबसे अमीर आदमी रहे मुकेश अंबानी को इस बार लिस्ट में दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। ओवरऑल लिस्ट में मुकेश 42 नंबर हैं। उनकी नेटवर्थ 21 अरब डॉलर (लगभग 1.30 लाख करोड़ रु.) है। 2014 में मुकेश अंबानी की नेटवर्थ 23.6 अरब डॉलर थी। 13 अप्रैल, 1957 को जन्मे मुकेश अंबानी ने 1981 में रिलायंस का काम संभाला था। इस वक्त वे रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन, मैनेजिंग डायरेक्टर और कंपनी के सबसे बड़े शेयर धारक हैं। उनकी कंपनी की जामनगर गुजरात में बुनियादी स्तर की विश्व की सबसे बड़ी पेट्रोलियम रिफाइनरी है। मुकेश इंडियन प्रीमियर लीग की टीम मुंबई इंडियंस के मालिक भी हैं।
3. अजीम प्रेमजीः पिछले साल भी थी तीसरे स्थान पर
आईटी कंपनी विप्रो लिमिटेड के चेयरमैन अजीम प्रेमजी फोर्ब्स की इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। 1999 से 2005 तक देश के सबसे अमीर व्यक्ति रह चुके प्रेमजी पिछले साल भी तीसरे स्थान पर थे। 69 साल के प्रेमजी की नेटवर्थ 19.1 अरब डॉलर (लगभग 1.18 लाख करोड़ रुपए) है। विप्रो के दुनियाभर में एक लाख तीस हजार कर्मचारी हैं और इसकी 54 देशों में शाखाएं हैं। विप्रो का मुख्यालय बैंगलुरु में है। अजीम प्रेमजी का जन्म मुंबई के एक गुजराती मुस्लिम परिवार में 24 जुलाई 1945 को हुआ था। मुकेश अंबानी की तरह प्रेमजी को भी अपनी पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ी थी। जब उनके पिता एमएच प्रेमजी का 1966 में निधन हो गया था। उस समय अजीम प्रेमजी की उम्र महज 21 साल थी। अजीम प्रेमजी ने जब कारोबार संभाला उस समय उनकी कंपनी वेस्टर्न इंडिया वेजिटेबल प्रोडक्ट कंपनी हाइड्रोजनेटेड वेजिटेबल ऑयल बनाती थी। बाद में साबुन तेल बनाने वाली वेस्टर्न इंडिया वेजिटेबल ने विप्रो का रूप लिया और विभिन्न उत्पादों के साथ ही आईटी क्षेत्र में खास मुकाम बनाया। 2005 में अजीम प्रेमजी को सामाजिक कार्यों में सराहनीय योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। प्रेमजी की संस्था ‘द अजीम प्रेमजी फाउंडेशन’ गरीब बच्चों को प्राथमिक शिक्षा देने में योगदान देती है।
4- शिव नाडरः सातवें से बढ़ कर चौथे स्थान पर पहुंचे
शिव नाडार एचसीएल टेक्नॉलोजीज के अध्यक्ष एवं प्रमुख रणनीति अधिकारी हैं। सबसे अमीर भारतीय उद्योगपतियों में उनका स्थान चौथे नंबर पर है। इनका नेटवर्थ 15.1 अरब डॉलर है। नाडर पिछले साल इस लिस्ट में सातवें स्थान पर थे।
5-लक्ष्मी निवास मित्तलः नंबर में नहीं आया कोई बदलाव
भारत के 5वें सबसे अमीर बिजनेसमैन लक्ष्मी मित्तल हैं। मित्तल आर्सेलर मित्तल के वर्तमान चेयरमैन हैं। इनका कुल नेटवर्थ 13.4अरब डॉलर है। मित्तल पिछले साल भी पांचवें नंबर पर ही थे।
6- कुमार मंगलम बिड़ला- बिड़ला ग्रुप के अध्यक्ष कुमार मंगलम बिड़ला इस टॉप भारतीय अमीरों की लिस्ट में 6वें नंबर हैं। ग्रासिम, हिंडाल्को, अल्ट्राटेक सीमेंट, आदित्य बिड़ला नुवो, आइडिया सेल्युलर, आदित्य बिड़ला रिटेल भारत में इनकी कंपनियां हैं। वर्तमान में इनकी नेटवर्थ 8.9 अरब डॉलर है। पिछले साल कुमार मंगलम बिड़ला 9वें नंबर थे।
7 -उदय कोटक- कोटक महिंद्रा बैंक के प्रबंध निदेशक और कार्यकारी वाइस चेयरमैन उदय कोटक को लिस्ट में सातवां स्थान मिला हैं। इनकी कुल नेटवर्थ 7.7 अरब डॉलर है।
8- गौतम अदाणी- अदाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अदाणी आठवें स्थान पर हैं। अदाणी की कंपनी कोयला खनन, तेल और गैस, बंदरगाहों, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक, बिजली उत्पादन आदि क्षेत्रों में काम करती है। अभी इनकी कुल नेटवर्थ 7 अरब डॉलर हैं।
9- सायरस पूनावाला- पूनावाला ग्रुप के चेयरमैन सायरस पूनावाल फोर्ब्स की सूची में 9वें नंबर हैं। पूनावाल पुणे से आते हैं और फिलहाल इनकी कुल नेटवर्थ 6.8 अरब डॉलर है।
10- सुनील मित्तल- भारती एंटरप्राइजेज ग्रुप के सीईओ और अध्यक्ष सुनील भारती मित्तल पिछले साल की तरह इस साल भी टॉप भारतीय अमीरों की लिस्ट में 10वें नंबर पर हैं। उनकी कुल नेटवर्थ 6.6 अरब डॉलर है।