वेस्ट यूपी के सबसे बड़े इनामी बदमाश अमित उर्फ भूरा और धर्मेंद्र किरठल के बीच खूनी रंजिश चल रही है। अमित 15 दिसंबर को पुलिस कस्टडी से बागपत से फरार हो गया था। फरार होते समय अमित पुलिस के हथियार भी लूट कर ले गया था। सुनील राठी की भी अपने गांव टीकरी में खूनी रंजिश चल रही है। इस रंजिश में कई मर्डर हो चुके हैं। इस समय सुनील राठी उत्तराखंड जेल में बंद है।
संप्रेक्षण गृह से फरार बंदियों का सुराग नहीं
संप्रेक्षण गृह मेरठ से फरार हुए एक दर्जन से अधिक बाल बंदियों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस को डर है कि कहीं ये फरार हुए बाल बंदी भी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में न हो। मुजफ्फरनगर में विक्की त्यागी की हत्या करने वाला आरोपी सागर मलिक भी पिछले साल अप्रैल माह में संप्रेक्षण गृह से फरार हो गया था। फरार बाल बंदियों को लेकर शासन में भी हड़कंप मचा है। डीजीपी ने आईजी जोन से फरार बाल बंदियों के बारे में जानकारी मांगी है।
तनिष्क शोरूम में डकैती का अब तक खुलासा नहीं
सहारनपुर में हुई तनिष्क शोरूम में नौ करोड़ की डकैती का अभी तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। घटना के करीब पांच दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस अभी तक यही भी पता नहीं लगा सकी है कि डकैती की घटना को अंजाम देने में किस गिरोह का हाथ है। घटना का खुलासा करने के लिए सहारनपुर के व्यापारी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।