लखनऊ: केन्द्रीय खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्री तथा लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) अध्यक्ष राम विलास पासवान ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती के सामाजिक न्याय के नारे को महज एक ढकोसला बताया है। पासवान ने आज यहां पत्रकारों से कहा कि बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर का नाम मायावती ने खूब इस्तेमाल किया, लेकिन डा. अम्बेडकर को केवल मोदी सरकार ने ही सम्मान दिलाया। उन्होंने कहा कि डा़ अम्बेडकर की 125वीं जयन्ती पर उनकी जन्मस्थली महू (मध्यप्रदेश) जाकर प्रधानमंत्री ने उन्हें श्रद्धाजंलि दी।
मध्य प्रदेश सरकार वहां भव्य अम्बेडकर स्मारक बनवा रही है। मुंबई में 12 एकड जमीन लेकर केन्द्र डा़ अम्बेडकर की यादव भव्य स्मारक बनवा रही है। पासवान ने कहा कि डा. अम्बेडकर लंदन में जिस कमरे में रहकर पढते थे, उसे खरीदकर राष्ट्रीय स्मारक बनवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागपुर में उनके दीक्षास्थल को भी भव्य रुप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य लोगों ने तो डा. अम्बेडकर के नाम का सिर्फ उपयोग किया, लेकिन उनकी सरकार दलितों के आदर्श को सम्मान देने का काम कर रही है।