पुलिस कस्टडी में हुआ हादसा, गोली लगने से हिस्ट्रीशीटर की हालत गंंभीर
नोएडा अस्पताल में हुआ आॅपरेशन
मुंशी की लापरवाही से घटी घटना, इंस्पैक्टर व मुंशी सस्पैंड
मुरादाबाद संवाददाता। कहते है कि पुलिस कस्टडी में मुल्जिम महफूज रहता है। उसको इन्सान क्या परिंदा भी पर नहीं मार सकता। खासकर जहां सुरक्षा के लिए असलहों से लेस दर्जनों पुलिस कर्मी ड्यूटी पर तैनात रहते है। लेकिन जो हथियार अपराधियों से बचाव के लिए पुलिस को सौंपे जाते है क्या वहीं अपराधी की मौत का कारण भी बन सकता है। ऐसा ही एक मामला सिविल लाइन थाने का सामने आया है, जहां एक अपराधी ने कस्टडी में कोतवाल की रिवाल्वर से खुद को से गोली कारकर खुदकुशी का प्रयास किया। घायल को पुलिस ने आनन-फनन में पहले जिला अस्पताल, फिर सांई में भर्ती कराया। सांई अस्पताल में घायल की हालत नाजुक देखकर डाक्टरों ने उसे हायर सैंटर रैफर कर दिया। नोएडा के एक अस्पताल में हिस्ट्रीशीटर का आॅपरेशन कर डॉक्टरों ने पेट से गोली निकाल दी है। घटना से पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया। लापरवाही बरतने वाले मुंशी व इंस्पेक्टर को एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया।
जनपद बुलंदशहर बीबीपुर थानाक्षेत्र सैदपुर निवासी मनोज उर्फ धर्मेंद्र पुत्र ओमवीर वाहन चोर है। वह दर्जनों बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। मनोज कई बार जेल भी जा चुका है। दो दिन पूर्व सिविल लाइन पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में उसको गिरफ्तार किया था। गुरुवार तड़के मुंशी प्रवेश की ड्यूटी थी। कोतवाल ने रिवाल्वर माल खाने में जमा करने के लिए मुंशी प्रवेश को दे दिया। मुंशी ने मालखाने में जमा करने के बजाये रिवाल्वर दराज में रख ली। प्रवेश किसी काम से कार्यालय के बाहर चला गया। इसी दौरान मनोज ने दराज से रिवाल्वर निकाल ली और पेट से सटाकर खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर थाने में हड़कंप मच गया। सिपाही कार्यालय की ओर दौड़े और सिपाहियों ने देखा तो मनोज लहुलूहान अवस्था में जमीन पर पड़ा था। सिपाहियों ने आनन फानन में घायल को पहले जिला अस्पताल और फिर सांई अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने नाजुक हालत देख उसको हायर सैंटर रैफर कर दिया। बताया जाता है कि अपराधी मनोज के खिलाफ बाइक चोरी की शिकायत थी। वह क्षेत्र में कई बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पूछताछ के लिए थाने में उसको बैठाया था। पुलिस के डर से मनोज ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। एसपी सिटी रामसुरेश यादव ने बताया कि नोएडा के अस्पताल में उसका आॅपरेशन हुआ है। अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। लापरवाही के चलते एसएसपी लवकुमार ने इंस्पैक्टर मुकेश मिश्रा व मुंशी को निलम्बित कर दिया है।