- राज्य में डेढ़ लाख से ज्यादा सैंपल की जांच, हर दिन साढ़े पांच हजार से ज्यादा टेस्टिंग
- दूसरे राज्यों से लौटे 4800 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव, यह कुल संक्रमितों का 64%
दैनिक भास्कर
Jun 21, 2020, 11:33 AM IST
पटना. बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या 7503 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 213 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। राज्य में अब तक 50 लोग कोरोना से दम तोड़ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी है कि बाहर से आए 4800 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह कुल संक्रमितों का 64 प्रतिशत है।
राज्य में 7503 संक्रमित: पटना 359, बेगूसराय 347, भागलपुर 348, मधुबनी 325, रोहतास 309, सीवान 329, खगड़िया 296, मुंगेर 287, पूर्णिया 255, कटिहार 237, जहानाबाद 217, गोपालगंज 210, दरभंगा 216, बक्सर, मुजफ्फरपुर और नवादा में 200-200, समस्तीपुर 211, बांका 202, सारण 183, सुपौल 187, नालंदा 164, पू. चंपारण 163, गया 162, भोजपुर 150, कैमूर 148 मधेपुरा 152, औरंगाबाद 167, सहरसा 134, किशनगंज 132, शेखपुरा 130, वैशाली 127, प. चंपारण 125, सीतामढ़ी 121, अररिया 103, लखीसराय 84, अरवल 81, शिवहर 74 और जमुई में 55 संक्रमित मिले।
5367 मरीज स्वस्थ, रिकवरी रेट 71%
बिहार में अब तक 5367 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। राज्य का रिकवरी रेट 71.53 प्रतिशत पहुंच गया है। यह अब तक का सबसे ज्यादा रिकवरी रेट है। तीन मई के पहले रिकवरी रेट 54 प्रतिशत तक पहुंच गया था लेकिन प्रवासी मजदूरों के लौटने के बाद यह गिरकर 26 प्रतिशत तक आ गया था। धीरे-धीरे स्थिति सामान्य होने लगी और राज्य का रिकवरी रेट बढ़ने लगा। जून के पहले हफ्ते से राज्य का रिकवरी रेट तेजी से बढ़ा। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी है कि बाहर से आए 4800 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह कुल संक्रमितों का 64 प्रतिशत है।
अब पांच हजार से ज्यादा सैंपल की जांच
बिहार में शुरूआती दौर में हर रोज 700 से 800 सैंपल की जांच हो रही थी। धीरे-धीरे यह संख्या बढ़कर तीन हजार के पार पहुंच गई। अब हर रोज साढ़े पांच हजार से ज्यादा सैंपल की जांच हो रही है। पिछले 24 घंटे में 5586 सैंपल की जांच हुई। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय का कहना है कि हमारा लक्ष्य है कि जल्द से जल्द सैंपल जांच 10 हजार तक पहुंचाई जाए। राज्य के सभी जिलों में कोरोना सैंपल की जांच हो रही है। अब तक एक लाख 51 हजार 148 सैंपल की जांच हो चुकी है।
50 की मौत: सारण में 4, नवादा, दरभंगा, वैशाली, जहानाबाद, बेगूसराय और खगड़िया में 3-3 और नालंदा, मुजफ्फरपुर, अररिया, भोजपुर, पटना, सीतामढ़ी व सीवान में 2-2 मरीज की मौत हुई है। वहीं, पश्चिम चंपारण, गया, मधुबनी, कटिहार, औरंगाबाद, भागलपुर, जमुई, मधेपुरा, मुंगेर, पू. चंपारण, रोहतास, समस्तीपुर और शिवहर में 1-1 मरीज की मौत हुई।