- दो गोली सीने और एक गोली सिर में लगी
- घटना के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए
दैनिक भास्कर
Jun 20, 2020, 07:04 PM IST
शिवहर. बिहार के शिवहर जिले के पुरनहिया थाना क्षेत्र के दोस्तियां गांव में शनिवार शाम को एक निजी स्कूल संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मरने वाले की पहचान अवधेश कुमार झा के रूप में की गई है। 35 साल के अवधेश दोस्तियां गांव के रहने वाले थे।
अवधेश सड़क किनारे स्थित बगीचे में आम तोड़ रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने आकर उन्हें गोली मार दी। दो गोली सीने और एक गोली सिर में लगी। गोलीबारी के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
परिजन अवधेश को इलाज के लिए सीतामढ़ी ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मुख्यालय डीएसपी प्रेमनाथ राम और थानाध्यक्ष विजय कुमार यादव ने घटनास्थल का जायजा लिया। डीएसपी ने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। हत्या क्यों हुई, इसका पता अभी नहीं चला है।